Sahibabad में हवा की तेज़ी से मिली राहत, पर लोनी में प्रदूषण की स्थिति अब भी बनी बेहद गंभीर

Sahibabad : जिले में तेज हवा के कारण प्रदूषण में थोड़ी कमी आई है जिससे लोगों को राहत मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सोमवार को जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘बहुत खराब’ से बेहतर होकर ‘खराब’ श्रेणी में आ गया है। हालांकि, लोनी क्षेत्र में अभी भी हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ बनी हुई है।
पिछले आठ दिनों से जिले में AQI 300 से 400 के बीच था जो ‘बहुत खराब’ माना जाता है। आखिरी बार 30 नवंबर को AQI 256 दर्ज हुआ था। सोमवार को हवा की गति 14 किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई, जिससे प्रदूषण में कमी आई और AQI 286 दर्ज हुआ जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। परंतु लोगों को अभी भी खास राहत महसूस नहीं हो रही। साफ हवा तब ही मिलती है जब AQI 50 से नीचे हो।

स्थानीय लोग अधिकारियों की लापरवाही का आरोप लगाते हैं और कहते हैं कि यदि ठोस योजना बनाकर लागू की जाती तो बेहतर राहत मिल सकती थी। वसुंधरा में प्रदूषण मापक उपकरण तकनीकी कारणों से बंद रहा।
जिले के इंदिरापुरम, लोनी, संजय नगर और वसुंधरा में प्रदूषण मापक उपकरण लगे हैं। सोमवार को वसुंधरा का उपकरण काम नहीं कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण इसे बंद किया गया था।
लोनी क्षेत्र जिले के सबसे प्रदूषित क्षेत्रों में से एक है। यहां प्रदूषण का मुख्य कारण अवैध कारखानों का संचालन और सड़कों से उठने वाली धूल है। इस वजह से यहां AQI 300 से ऊपर बना हुआ है। आखिरी बार 6 नवंबर को ही लोनी का AQI ‘खराब’ श्रेणी में था। तब से यह लगातार ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में ही बना हुआ है





